जयपुर। अंतरराष्ट्रीय इवेंट मैनेजर्स डे को इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। फ्रांस के प्रसिद्ध शहर टूर्स में आयोजित “फॉयरे डे टूर्स फेयर” में करीब 20 वर्षों बाद भारत को “गेस्ट ऑफ ऑनर” चुना गया, जिसे भारतीय कला, संस्कृति और इवेंट इंडस्ट्री के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इवेंट मैनेजर्स डे के ग्लोबल कन्वीनर अरशद हुसैन ने बताया कि इस प्रतिष्ठित आयोजन में इवेंट मैनेजर्स डे के ग्लोबल ब्रांड एम्बेसडर रईस भारती अपने प्रसिद्ध धोद बैंड के साथ राजस्थानी लोक संगीत, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और भारतीय संस्कृति की आकर्षक प्रस्तुतियां दे रहे हैं। मेले में दुनिया भर से करीब चार लाख लोगों की भागीदारी हो रही है, जहां भारतीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं, बल्कि भारतीय इवेंट इंडस्ट्री और कलाकारों की वैश्विक पहचान को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। राजस्थान की लोक धुनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपरा का संदेश विश्वभर तक पहुंच रहा है।
अरशद हुसैन ने दुनिया भर के इवेंट मैनेजर्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इवेंट इंडस्ट्री लोगों को जोड़ने, रचनात्मकता को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष 31 मई को इंटरनेशनल इवेंट मैनेजर्स डे मनाया जाता है और इस वर्ष इसकी थीम “ग्लोबल पीस थ्रू इवेंट” रखी गई है।



















