माली शिक्षण संस्थान के नवीनीकृत छात्रावास भवन का मंत्री अविनाश गहलोत ने किया शुभारम्भ

0
440

जयपुर। आदर्श नगर में स्थित माली शिक्षण संस्थान के नवीनीकृत छात्रावास भवन का शुभारंभ रविवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने किया। कार्यक्रम के अंत में होली स्नेह मिलन में गीत –संगीत के साथ फूलों की पंखुड़ियों से होली खेली गई। इस मौके आईएएस चेतन देवड़ा व सुंदर लाल तथा संस्था के संरक्षक एन एस चौहान,कोषाध्यक्ष आर एल सैनी व सचिव शीशराम सैनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उद्घोष्णा राघव पंवार ने की।

भवन के अवलोकन के समय उन्होंने संस्था की वेबसाइट की लॉन्चिंग भी की। गहलोत ने मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कहा कि समाज में शिक्षा के स्तर को बढ़ाने के लिए ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए भी शहरों में साधन-सुविधाएं सुलभ हों। जयपुर व जोधपुर जैसी कोचिंग सुविधाएं छोटे शहरों में भी होनी चाहिए जिससे वहां की विद्यार्थी भी आगे बढ़ सके।

इस अवसर पर प्रमुख अतिथि सांसद राजेन्द्र गहलोत ने कहा कि शिक्षा से ही समाज आगे बढ़ता है इसलिए नई पीढ़ी के शिक्षण व मार्गदर्शन के लिए सामाजिक संस्थाओं को सक्रियता से काम करना चाहिए जिससे समाज के विद्यार्थियों को समस्त योजनाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उदयपुरवाटी के विधायक भगवानाराम सैनी ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र में समाज के छात्र-छात्राओं के लिए कोचिंग संस्थाओं का अभाव है जिसके लिए समाज की संस्थाओं को आगे आना चाहिए।

संस्था के उपाध्यक्ष ओंकारमल सैनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की वित्तीय स्थिति, भवन के नवीनीकरण तथा भावी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा संस्थान के निर्माण तथा नवीनीकरण में आर्थिक सहयोग देने वाले भामाशाहों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। संस्था के पदाधिकारियों की अपील पर छात्रावास के शेष कार्यों में आर्थिक सहयोग के लिए भामाशाहों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम में दौरान ही करीब 20 लाख रुपए की सहर्ष घोषणा की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here