जयपुर। उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है तथा मानसून ट्रफ लाइन जैसलमेर, चित्तौडग़ढ़ से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से आगामी दो-तीन दिन जोधपुर उदयपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ तेज बारिश की गतिविधियां होने की संभावना है। सोमवार को जयपुर सहित प्रदेश के करीब एक दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश जयपुर के कालवाड़ में 93 मिमी बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के कालवाड़ में खेत लबालब हो गए और कई छोटे-बड़े बांध लबालब हो गए। कालवाड़ के बाजार में दुकानों और कस्बे में घरों में पानी घुस गया।
मौसम विभाग के अनुसार जयपुर के कालवाड़ के अलावा सवाईमाधोपुर के मलारना चौड़ में 84, चौथ का बरवाड़ा में 62, झालावाड़ के पीरवा में 62, सीकर के रींगस में 55 और जैसलमेर के सम में 52 मिमी बारिश दर्ज की गई। सोमवार को नागौर, बारां, अजमेर, जैसलमेर, सवाईमाधोपुर, बाड़मेर, फलौदी और अलवर में बारिश दर्ज की गई। 38.4 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 33.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। फलौदी के अलावा बाड़मेर, जैसलमेर और जालौर का रात का पारा 30 पार रहा।
रविवार को राज्य में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्के से मध्यम वर्षा तथा भरतपुर व दौसा जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई है। पूर्वी राजस्थान में सर्वाधिक बारिश दौसा में बांदीकुई में 91 मिमी , सिकराई में 76 मिमी , भुसावर , भरतपुर में 91 मिमी व पश्चिमी राजस्थान के छतरगढ़ , बीकानेर में 38 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
दक्षिण राजस्थान में झमाझम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 9-10 जुलाई को भी मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश की गतिविधियां दक्षिणी राजस्थान के जोधपुर, उदयपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में जारी रहने की संभावना है। इस दौरान उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। 11 जुलाई से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा केवल छुटपुट स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।
जयपुर में झमाझम बारिश, सडक़ों पर भरा पानी, ग्रामीण इलाकों में खेत लबालब
जयपुर में सुबह हल्के बादल छाए रहे और बादलों के बीच से धूप नजर आई। दोपहर बाद मौसम बदला और काले घने बादल छाने के साथ गर्जना के साथ झमाझम बारिश देखने को मिली। जयपुर के कालवाड़ में 93 और जमवारामगढ़ में 58, जयपुर में 17 मिमी बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश से जयपुर में सडक़ों पर पानी भर गया। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अंडरपास सहित अन्य स्थानों पर पानी भरने से कई वाहन उसमें फंस गए। जयपुर के आस-पास के ग्रामीण इलाकों में खेत पानी से लबालब हो गए। जयपुर में आगामी दिनों में लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिली। जयपुर के दिन के तापमान में 1 और रात के तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।




















