जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की से दुष्कर्म की कोशिश करने वाले आरोपित परिचित युवक को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वह उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में घर से निकला था। पुलिस फिलहाल आरोपित से पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में आरोपित हासिम खान निवासी सराय जिला फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश) गिरफ्तार को किया है। 29 जुलाई को जयसिंहपुरा खोर के रहने वाले व्यक्ति ने मामला दर्ज करवाया था कि उसकी नाबालिग बेटी के साथ परिचित युवक ने डरा-धमकाकर दुष्कर्म का प्रयास किया।
किसी को बताने पर मारने की धमकी भी दी। डरी-सहमी नाबालिग बेटी ने परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों को पता चलने आरोपित फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित का पीछा कर उसे ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टेंड से धर-दबोचा, जो उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में था।




















