जयपुर। श्याम नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने वाली महिला के आरोपित पति को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि श्याम नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने वाली महिला के आरोपित पति अक्षय जैन निवासी निर्माण नगर-श्याम नगर काे गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में परिवादी योगेश चंद जैन निवासी अलवर ने 21 जुलाई 2025 ने मामला दर्ज करवाया था कि उसकी पुत्री स्वप्निल जैन ने अपने पति अक्षय जैन की लगातार प्रताड़ना और मारपीट से तंग आकर आत्महत्या कर ली।
स्वप्निल का विवाह 11 जुलाई 2013 को अक्षय जैन से हुआ था। उनके एक पुत्र ओजस जैन का जन्म 2016 में हुआ। परिवादी ने आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही अक्षय जैन उसके पिता लालचंद जैन माता सुनीता जैन और भाई आशिक जैन दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। अक्षय जैन शराब और नशे की लत के चलते आए दिन स्वप्निल से मारपीट करता था। कई बार स्वप्निल अपने मायके अलवर चली जाती लेकिन परिवार व बेटे के भविष्य को देखते हुए वापस लौट आती।
प्रताड़ना से परेशान होकर स्वप्निल ने पहले भांकरोटा थाने में शिकायत की थी। बाद में 1 फरवरी 2024 को अलवर महिला थाना में दर्ज करवाई। उस मामले में चालान पेश हुआ और अक्षय जैन जमानत पर बाहर आ गया। गत जुलाई में स्वप्निल अपने पति और बेटे के साथ श्याम नगर में किराए पर रह रही थी। 20 जुलाई 2025 को उसने आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मामले की जांच के बाद आरोपित काे गिरफ्तार किया गया।




















