जयपुर। सोडाला थाना इलाके में रोड से गुजर रहे डंपर का हाईड्रोलिक बटन दबने से डंपर का पिछला हिस्सा उपर उठ गया और एलिवेटेड पुलिया से भीड़ गया। अचानक हुए इस हादसे में डंपर का आगे वाला हिस्सा हवा में करीब 15 फीट ऊपर उठ गया। जिसके बाद डंपर चालक घबरा गया और 15 फीट ऊंचाई से छलांग लगाकर उसने अपनी जान बचाई।
डंपर के आगे वाले हिस्से को 15 फीट हवा में लटका देख राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने अपने-अपने मोबाइल फोन से वीड़ियों बनाना शुरु कर दिया। एक्सीडेंट थाना पुलिस के कैलश स्वामी ने समझाईश कर राहगीरों को मौके से हटाया और क्रेन की सहायता से डंपर को रोड से साईड में करवा कर यातायात सुचारु करवाया। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह सोडाला में यादव पेट्रोल पंप के पास नगर निगम का डम्पर कचरा लेकर पुरानी चुंगी से सोडाला की ओर जा रहा था।
इसी दौरान तकनीकी खामी के चलते हाइड्रोलिक पम्प ने अपना काम करना शुरू कर दिया और डंपर का पिछला वाला हिस्सा ऊपर उठ गया और एलिवेटेड पुलिया के पिलर बॉक्स से टकरा गया और उसी में अटक गया। जिसके बाद डंपर का आगे वाला हिस्सा करीब 15 फीट ऊंचाई पर जा पहुंचा। डंपर की केबिन में फंसे चालक हरकेश ने 15 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।




















