गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर से महिला से 95 हजार की ठगी

0
25

जयपुर। शिप्रापथ थाना इलाके में ऑनलाइन खरीदारी के बाद सामान लौटाने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर नंबर तलाशना एक महिला को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर महिला को बातों में उलझाया और 95 हजार रुपए की ठगी कर ली।

आरोपी ने गलती से खाते से 1 लाख 42 हजार रुपए कटने और पूरी राशि रिफंड करने का झांसा देकर महिला से 95 हजार रुपए अपने बताए मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने मंगलवार दोपहर शिप्रापथ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

जांच अधिकारी एएसआई भागीरथमल ने बताया कि मानसरोवर के थड़ी मार्केट निवासी धमेन्द्रा शर्मा (57) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार 8 नवंबर को उन्होंने ऑनलाइन दो बेडशीट मंगवाई थीं। बेडशीट पसंद नहीं आने पर उन्हें वापस करने के लिए महिला ने गूगल पर जेप्टो का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। इस दौरान ऑनलाइन मिले एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर दूसरी तरफ मौजूद युवक ने खुद को कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर बातचीत शुरू की।

1.42 लाख रुपए कटने का दिया झांसा

शातिर ने बातचीत के दौरान महिला को बताया कि गलती से उनके खाते से 1 लाख 42 हजार रुपए कट गए हैं। उसने कहा कि बताए गए मोबाइल नंबर पर 95 हजार रुपए ट्रांसफर कर दें, इसके बाद पूरी राशि रिफंड कर दी जाएगी। ठग की बातों में आकर महिला ने बताए गए नंबर पर 95 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

रुपए मिलते ही नंबर किया ब्लॉक

रुपए ट्रांसफर होने के बाद महिला ने दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उनका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here