एड्रेस पूछने के बहाने बुजुर्ग महिला के गले से तोड़ी सोने की चेन

0
17

जयपुर। बिंदायका थाना इलाके में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला से लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने मकान का पता पूछने के बहाने महिला को रास्ते में रोका और मौका पाकर उसके गले से सोने का जोल्या तोड़कर फरार हो गए। वारदात के बाद महिला घबरा गई। महिला के पोते ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र ने बताया कि सिवार मोड़, गणेश नगर, बिंदायका निवासी मुकेश कुमार योगी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे उनकी दादी सूजी देवी घर से मंदिर जाने के लिए निकली थीं। घर से कुछ दूरी पर रास्ते में बाइक सवार एक युवक ने उन्हें रोक लिया।

युवक ने मकान का पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की और इसी दौरान उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने का जोल्या तोड़ लिया। इसके बाद बदमाश तेज रफ्तार से बाइक लेकर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाश का कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here