जयपुर। दुर्गापुरा स्थित श्री राधा मोहन जी मंदिर में रविवार को 28वां पाटोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के दर्शन किए।
पाटोत्सव महोत्सव के तहत अभिजीत मुहूर्त में मंदिर के महंत जगदीश शर्मा के सानिध्य में श्री राधा मोहन जी का पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके पश्चात भगवान को नवीन एवं आकर्षक पोशाक धारण कराई गई। ठाकुर जी का ऋतु पुष्पों से भव्य श्रृंगार कर मनोहारी झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को बिजली की झालरों और पुष्प मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया। पाटोत्सव के दौरान महिला मंडल द्वारा बधाई गान प्रस्तुत किए गए तथा भजन संध्या का आयोजन भी किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्ति रस में डूब गया।
बधाई गान के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा वस्त्र, टॉफियां एवं सूखे मेवों की उछाल की गई। संत-महंतों के सानिध्य में भगवान की महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए और श्री राधा मोहन जी की अलौकिक झांकी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। समस्त धार्मिक आयोजन महंत जगदीश शर्मा के सानिध्य में विधिवत रूप से संपन्न हुए।




















