जयपुर। नवंबर के अंतिम रविवार को खरीदारी के लिहाज से विशेष ज्योतिषीय संयोग बन रहा है। 29 नवंबर को रवि पुष्य नक्षत्र और सर्वार्थ सिद्धि योग का संयोग रहेगा। इसके चलते सोना-चांदी, आभूषण, कपड़े, वाहन और घर-गृहस्थी से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी को शुभ माना जा रहा है। शनिवार शाम से शुरू हुए पुष्य नक्षत्र का प्रभाव रविवार शाम तक रहेगा। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार पुष्य नक्षत्र में खरीदी गई वस्तुएं सुख-समृद्धि और स्थायित्व प्रदान करने वाली मानी जाती हैं।
ज्योतिषाचार्य डॉ. महेन्द्र मिश्रा के अनुसार पुष्य नक्षत्र 28 नवंबर को शाम 6:22 बजे शुरू हो गया जो कि 29 नवंबर को शाम 4:49 बजे तक रहेगा। रविवार को पुष्य नक्षत्र होने से रवि पुष्य योग बनेगा। वहीं सर्वार्थ सिद्धि योग सूर्योदय से शाम 4:50 बजे तक रहेगा। रवि पुष्य योग को ज्योतिष शास्त्र में अत्यंत शुभ और सिद्धिदायक संयोग माना गया है।
शादी-विवाह के सीजन के चलते भी बाजारों में खरीदारी का माहौल बना हुआ है। दूल्हा-दुल्हन के सोने-चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र, चांदी के सिक्के, शादी के परिधान, लहंगे, साडिय़ां, शेरवानी, बर्तन, फर्नीचर, पलंग, अलमारी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, वाहन और सजावट के सामान की मांग बनी हुई है। शुभ संयोग को देखते हुए ज्वेलरी, कपड़ा, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारियों ने भी नए डिजाइन और विभिन्न वैरायटी उपलब्ध कराई हैं।
मांगलिक कार्यों के लिए भी शुभ है नक्षत्र:
डॉ. मिश्रा के अनुसार रवि पुष्य योग में खरीदारी के साथ मांगलिक कार्य करना भी शुभ माना गया है। 27 नक्षत्रों में पुष्य नक्षत्र को विशेष महत्व प्राप्त है। इसे पोषण, समृद्धि और स्थायित्व का प्रतीक माना जाता है। इस दिन सूर्यदेव को अघ्र्य देने, मां लक्ष्मी और कुबेर की पूजा, मंत्र जाप तथा श्रीयंत्र स्थापना को लाभदायी माना गया है। अन्न, वस्त्र और पुस्तकों का दान तथा गौसेवा करना भी शुभ माना जाता है।
शादी-विवाह की तैयारियों में जुटे परिवारों के लिए यह खरीदारी का विशेष अवसर है। ज्योतिषीय संयोग और वैवाहिक सीजन को देखते हुए रविवार को बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढऩे तथा व्यापार को गति मिलने की उम्मीद है।

















