जयपुर। शहर के एपेक्स हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने चित्तौड़गढ़ से आई एक तीन वर्षीय बच्ची के जटिल हृदय रोग की सफल सर्जरी कर उसे नया जीवन देने में सफलता हासिल की है। हॉस्पिटल के कंसल्टेंट सीटीवीएस डॉ. राहुल कुमार भुकर के निर्देशन में यह जटिल सर्जरी मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत सफलतापूर्वक पूर्णतया निःशुल्क की गई।
डॉ. भुकर ने बताया कि बच्ची साइनोटिक कन्जेनाइटल हार्ट डिजीज के अंतर्गर टेट्रालोजी ऑफ फेलो की समस्या से जूझ रही थी। इसमें बच्ची के हार्ट के दोनों पम्पिंग चेम्बर के बीच में बडा छेद था एवं दांयी पम्पिंग चेम्बर से फेफड़ों में जाने वाली ब्लड वेसल भी काफी सिकुडी हुई थी, ऐसे में डिऑक्सीजनेट ब्लड सप्लाई होने के कारण बच्ची के नाखून एवं होंठ नीले दिखते थे एवं सांस फूलना, खाना ना खा सकने जैसी कई समस्याओं से बच्ची जूझ रही थी।
डॉ. भुकर ने बताया कि बच्ची की इन्ट्रा कार्डियक रिपेयर सर्जरी की गई। इसमें ना सिर्फ छेद को बंद किया गया बल्कि नस, पल्मोनरी वॉल और आर्टरी को रिकंस्ट्रक्ट किया गया। उन्होंने बताया कि करीब पांच घंटे तक सर्जरी चली एवं बच्ची को पांचवे दिन डिस्चार्ज कर दिया गया। अस्पताल के निदेशक डॉ. सचिन झॅवर ने बताया कि अस्पताल में उपलब्ध अत्याधुनिक नवीन तकनीकों एवं एक्सपर्ट चिकित्सकों की टीम के चलते इस तरह के जटिल इलाज भी सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं।




















