बेकाबू कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर

0
43

जयपुर। मानसरोवर के पत्रकार कॉलोनी थाना इलाके में बुधवार शाम तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। अचानक हुई घटना से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। कार की रफ्तार और चालक के बेकाबू तरीके से वाहन चलाने को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार घटना बुधवार शाम करीब 6:15 बजे गोल्यावास और वंदेमातरम रोड पर हुई। तेज रफ्तार कार ने रास्ते में आने वाले कई वाहनों को टक्कर मारी। इसके बाद नारायण विहार इलाके में भी कार द्वारा वाहनों को टक्कर मारने की सूचना सामने आई। एक ही कार के अलग-अलग इलाकों में वाहनों को टक्कर मारने से लोगों में भय का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक को तेज रफ्तार में वाहन चलाते देखकर कुछ लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने लोगों को भी कार से टक्कर मारने की कोशिश की और वाहन लेकर तेजी से आगे निकल गया। घटनाक्रम के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।

बताया जा रहा है कि कार का नंबर RJ12 CP 4878 है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस कार और उसके चालक के संबंध में जांच कर रही है। अलग-अलग स्थानों पर हुई टक्कर और कार के रूट की भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस चालक की पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here