एरिया डोमिनेशन: पुलिस की 44 टीमों ने 203 ठिकानों पर दबिश मार किए 211 अपराधी गिरफ्तार

0
20

जयपुर। नगर निगम चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से कराने तथा असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए जयपुर उत्तर पुलिस ने विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 44 पुलिस टीमों ने एक साथ 203 ठिकानों पर दबिश देकर 211 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान विभिन्न अधिनियमों के तहत 22 प्रकरण दर्ज किए गए।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों, हार्डकोर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, मफरूर, स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों, भगोड़ों और इनामी बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर प्रथम व द्वितीय के सुपरविजन में एसीपी और थाना अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने तड़के अपराधियों के संभावित ठिकानों पर घेराबंदी कर दबिश दी।

अभियान में 114 आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत निवारक कार्रवाई की गई। इसके अलावा 66 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटी पकड़े गए। आबकारी अधिनियम के तहत आठ, आर्म्स एक्ट के तहत दो तथा अन्य गंभीर मामलों में वांछित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एक इनामी बदमाश भी पुलिस के हत्थे चढ़ा। अन्य अधिनियमों के तहत 11 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस ने अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के आठ, आर्म्स एक्ट के दो, जुआ-सट्टा अधिनियम का एक तथा अन्य स्थानीय एवं विशेष अधिनियमों के तहत 11 प्रकरण दर्ज किए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here