जयपुर/दौसा। महिला एवं बाल विकास विभाग दौसा में सीडीपीओ अनिता शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। शर्मा ने 38 वर्षों की निष्कलंक एवं गरिमामयी सेवा के बाद अधिवार्षिकी सेवा पूर्ण की।
विदाई समारोह में उपस्थित उप निदेशक तेज प्रकाश अग्निहोत्री ने शर्मा की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्य,अनुशासन और समर्पण से अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनके योगदान को सराहनीय बताया।
समारोह के दौरान कार्यालय का माहौल भावुक रहा। इस अवसर पर शर्मा के परिजनों को भी आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। सहकर्मियों द्वारा दिए गए स्नेह और सम्मान से अनिता शर्मा भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि इतने आत्मीय वातावरण में दी गई विदाई उनके लिए जीवनभर की स्मृति रहेगी और उन्होंने सभी साथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में उप निदेशक द्वारा सेवानिवृत्ति आदेश शर्मा को सौंपा गया।




















