इंडिया स्टोनमार्ट 2026 को लेकर एसीएस उद्योग शिखर अग्रवाल ने जेईसीसी सीतापुरा में तैयारियों का लिया जायजा

0
31

जयपुर। देश के स्टोन उद्योग के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन इंडिया स्टोनमार्ट 2026 को लेकर तैयारियां तेज़ी से अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। इसी क्रम में एसीएस उद्योग शिखर अग्रवाल जेईसीसी , सीतापुरा पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान प्रदर्शनी हॉल, आगंतुक सुविधाएं, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, लॉजिस्टिक प्लानिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई। एसीएस शिखर अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले उद्योग प्रतिनिधियों, व्यापारियों और निवेशकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि इंडिया स्टोनमार्ट 2026 न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश के स्टोन उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जो व्यापार, निवेश और तकनीकी नवाचार के नए अवसर उपलब्ध कराएगा। ऐसे में आयोजन की हर व्यवस्था समयबद्ध, सुव्यवस्थित और उच्च गुणवत्ता वाली होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शेष तैयारियों को तय समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आयोजन के दौरान सुचारु संचालन, भीड़ प्रबंधन और मीडिया समन्वय पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

उल्लेखनीय है कि इंडिया स्टोनमार्ट 2026 का आयोजन 5 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक जयपुर के जेईसीसी, सीतापुरा में किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से स्टोन उद्योग से जुड़े प्रमुख उद्योगपति, निर्यातक, आयातक, तकनीकी विशेषज्ञ और निवेशक भाग लेंगे। प्रशासनिक स्तर पर की जा रही यह समीक्षा आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here