जयपुर। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित डीसीए नवादा ए डिस्ट्रिक्ट डिविजन क्रिकेट मैच में जयपुर के दीपक चौधरी ने शानदार ऑलराउंडर प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा। नवादा और सनराइज के बीच खेले गए इस मुकाबले में दीपक ने बल्ले और गेंद—दोनों से निर्णायक भूमिका निभाई।
दीपक चौधरी ने बल्लेबाजी करते हुए 61 रन की सधी हुई पारी खेली। उनकी इस पारी में 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। पारी के दौरान लगाए गए 110 मीटर लंबे छक्के ने पूरे मैदान में मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर दिया और नवादा में उनकी जमकर चर्चा हुई।
गेंदबाजी में भी दीपक ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए दो महत्वपूर्ण विकेट झटके, जिससे टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान रहा। उनके इस हरफनमौला खेल की सराहना करते हुए नवादा के कोच व सचिव सुरेश कुमार यादव ने कहा कि दीपक चौधरी आने वाले समय में बिहार की ओर से खेलते नजर आ सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि दीपक चौधरी वर्तमान में जयपुर स्थित आरडी क्रिकेट अकादमी और ग्राउंड पर नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उनके इस प्रदर्शन से न केवल बिहार बल्कि राजस्थान क्रिकेट जगत में भी उम्मीदें बढ़ी हैं।




















