जयपुर। खो नागोरियान थाना इलाके में डीजे बंद करवाने पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट और राजकार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब एक दर्जन लोगों ने उपनिरीक्षक (एसआई) रामफूल सहित पुलिसकर्मियों के साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी और उनके मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटककर तोड़ दिए।
घटना 23 नवंबर की देर रात करीब 12 बजे की है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार एसआई रामफूल पुलिस जाप्ते के साथ इलाके में डीजे बंद करवाने पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने समझाइश करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। आरोप है कि वर्दी और नेम प्लेट पहने होने के बावजूद पुलिसकर्मियों के साथ बार-बार मारपीट की गई।
एसआई रामफूल के अनुसार वह घटनाक्रम की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने खुद को फलाना हाजी बताते हुए उनका मोबाइल छीन लिया और जमीन पर पटककर तोड़ दिया। इसके अलावा ईआर ड्राइवर और पुलिस मोबाइल वाहन-16 के चालक का मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया गया। मारपीट के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी गई।
एसआई रामफूल की शिकायत पर 24 नवंबर को खो नागोरियान थाने में कल्लू हाजी, शौकीन, मिशा, बाबू खान, कबीर खान, इकराम खान, मोहसिन, मिशा पुत्र कबीर और गद्दाम खान सहित 12 से अधिक लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन आरोपियों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

















