जयपुर। दौसा जिले के कैलाई गांव में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकरा गई और डिवाइडर पार कर सामने से आ रहें ट्रेलर में जा घुसी। इस हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रुप से घायल सभी लोगों को दौसा के सरकारी अस्पताल में भिजवाया। जहां पर दो लोगों ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद सभी घायलों को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रैफर कर दिया। सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार दौरान एक युवक की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सभी कार सवार कालाखों के रहने वाले थे और शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहें थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर स्थित कैलाई गांव के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे ट्रेलर में जा घुसी ।
क्रेन की सहायत से क्षतिग्रस्त वाहनों को किया अलग-अलग
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जबदस्त थी की कार ट्रेलर में फंस गई । राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालने का काफी प्रयास किया। लेकिन सभी एक दूसरे में चिपक गए। जिसके बाद क्रेन की सहायता से दोनो वाहनों को अलग-अलग कर घायलों को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में कार चकनाचूर हो हो गई।
पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतकों की शिनाख्त कर घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। पुलिस ने बताया कि कार सवार सभी युवक दौसा जिले के कालाखो गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान समय सिंह पुत्र राम सिंह योगी, लोकेश पुत्र गोवर्धन योगी, दिलखुश पुत्र बनवारी योगी, मनीष पुत्र हरिमोहन योगी, अंकित पुत्र लालाराम बैरवा और नवीन के रूप में हुई है।




















