जयपुर। विद्याधर नगर इलाके में मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि साड़ी की दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें और धुआं करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। आग की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान के ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई आग देखते ही देखते फर्स्ट फ्लोर तक फैल गई। कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर सात दमकल गाड़ियां भेजी गईं। दमकलकर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। देर रात तक दमकलकर्मी मौके पर मौजूद रहे और पूरी तरह आग बुझाने में जुटे रहे।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए क्षेत्र में व्यवस्था संभाली। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल और पुलिस की ओर से आग के कारणों की जांच के साथ दुकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



















