जयपुर। नवरात्र के अवसर पर श्री राधे रानी प्रभात फेरी मंडल के तत्वावधान में रविवार को नेहरू नगर, पानी पेच स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में 32वां नवान्ह पारायण महोत्सव शुरू हुआ। महोत्सव के पहले दिन श्रीरामचरितमानस के बालकांड की 120 चौपाइयों का पाठ किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर सहित आसपास का क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर हो गया।
आयोजन से जुड़े जयेश शाह और महेश प्रधान ने बताया कि व्यास पीठ से रामस्वरूप नाटाणी के सान्निध्य में 251 आसनों पर श्रद्धालुओं ने बालकांड की चौपाइयों का पाठ किया। पाठ के दौरान ‘मंगल भवन अमंगल हारी’, ‘जौं लरिका कछु अचगरि’ और ‘करहिं बंदउँ गुरु पद पदुम परागा, सुरुचि सुबास सरस अनुरागा’ जैसी चौपाइयों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ पाठ में भाग लिया।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के तहत 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक पाठ होंगे। आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी।



















