जयपुर। श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति (रजि.) जयपुर की ओर से न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान में 11 से 20 अक्टूबर तक रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव की शुरुआत रविवार को गणेश पूजन और नारद मोह लीला के मंचन के साथ हुई। प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक रामलीला का मंचन किया जा रहा है। महोत्सव में रामायण के प्रमुख प्रसंगों के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
समिति अध्यक्ष नवनीत मित्तल ने बताया कि महोत्सव के दौरान राम जन्म, विश्वामित्र आगमन, अहिल्या उद्धार, ताड़का वध, धनुष यज्ञ, श्रीराम विवाह, वनवास, सीता हरण, शबरी मिलन, हनुमान मिलन, बाली वध, लंका दहन और रामेश्वर स्थापना सहित रामायण के प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। इन प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा का संदेश दिया जाएगा।
14 अक्टूबर को निकलेगी श्रीराम बारात
महोत्सव में 14 अक्टूबर को श्रीराम बारात मुख्य आकर्षण रहेगी। बारात शाम 6 बजे चांदपोल बाजार स्थित प्राचीन श्रीरामचंद्र जी मंदिर से रवाना होगी। यहां से छोटी चौपड़, त्रिपोलिया, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार और न्यू गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। बारात मार्ग में शहरवासी जगह-जगह स्वागत करेंगे। रामलीला मैदान पहुंचने के बाद श्रीराम विवाह और कन्यादान की लीला का मंचन किया जाएगा। महोत्सव के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक परंपराओं से जोड़ने और रामायण के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।



















