मोदी नॉमिक्स का मॉडल राजस्थान में लागू : गौरव वल्लभ

0
61

जयपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा, राजस्थान द्वारा आयोजित बजट युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार समिति के सदस्य गौरव वल्लभ ने कहा कि राजस्थान की जीडीपी पिछले तीन वर्षों में 41.3 प्रतिशत की दर से बढ़ी है और राज्य की अर्थव्यवस्था 21 लाख करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंच चुकी है।

उन्होंने बताया कि आज 30 से अधिक देश भारत की यूपीआई तकनीक का उपयोग कर रहे हैं, जो भारत की डिजिटल क्षमता और वैश्विक साख को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को आर्थिक सशक्तिकरण मिला है और 27 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो मोदी नॉमिक्स की सफलता का प्रमाण है।

उन्होंने स्टेट टेस्टिंग एजेंसी के गठन को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूर्ण विराम लगेगा। उन्होंने कहा कि अब योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं को आरएएस, इंस्पेक्टर, पटवारी सहित विभिन्न पदों पर निष्पक्ष अवसर प्राप्त होंगे। इसके साथ ही 400 सीएम राइज स्कूलों के लिए 1000 करोड़ रुपए तथा विद्यालयों में एआई लैब्स की स्थापना हेतु 500 करोड़ रुपए के प्रावधान को शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम बताया।

बजट युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि भारत की 65 प्रतिशत आबादी युवा है, इसलिए बजट का फोकस युवाओं पर केंद्रित होना स्वाभाविक है। उन्होंने अंत्योदय के सिद्धांत पर आधारित इस बजट को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि भाजपा जो कहती है, वही करती है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद राजस्थान में एक लाख से अधिक नौकरियां प्रदान की गई हैं तथा एक भी पेपर लीक की घटना नहीं हुई है।

उन्होंने बताया कि इस बजट में युवाओं को 10 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण देने की घोषणा की गई है, जिससे स्वरोजगार और स्टार्टअप्स को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने “राइजिंग राजस्थान” जैसे आयोजनों को निवेश और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने खुले मंच से प्रश्न पूछे, जिनका अतिथियों ने विस्तार से उत्तर दिया।

समापन अवसर पर अमित गोयल ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि जयपुर शहर भाजपा की टीम बजट की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेगी, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को उसका लाभ मिल सके। कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो प्रदेश महामंत्री राजकुमार बिवाल ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here