जयपुर से शुरू होगी एआई किसान क्रांति: केंद्रीय कृषि शिवराज सिंह चौहान लांच करेंगे भारत-विस्तार

0
37

जयपुर। देश के किसानों के लिए डिजिटल युग की नई शुरुआत जयपुर से होने जा रही है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को राजधानी जयपुर में एआई आधारित किसान-केंद्रित प्लेटफॉर्म ‘भारत-विस्तार’ का राष्ट्रीय शुभारंभ करेंगे। यह प्लेटफॉर्म किसानों को मौसम, मंडी भाव, फसल सलाह और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही जगह, वह भी फोन कॉल और चैटबॉट के जरिए उपलब्ध कराएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित भारत-विस्तार को भारतीय कृषि के लिए डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई) के रूप में तैयार किया गया है। फेज-1 में यह हिंदी और अंग्रेजी में शुरू होगा तथा महाराष्ट्र, बिहार और गुजरात सहित कई राज्यों के लाखों किसानों तक पहुंचेगा।

जयपुर के दुर्गापुरा स्थित स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चर मैनेजमेंट में होने वाले लांच समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री, राजस्थान के कृषि मंत्री, सांसद-विधायक और कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम से देशभर के किसान वर्चुअली भी जुड़ेंगे।

भारत-विस्तार को ‘वॉयस-फर्स्ट एआई’ के रूप में विकसित किया गया है, ताकि साधारण फीचर फोन रखने वाला किसान भी 155261 नंबर पर कॉल कर सुविधा ले सके। प्लेटफॉर्म पर आईएमडीसे मौसम पूर्वानुमान, एगमार्कनेट से मंडी भाव, आईसीएआर के वैज्ञानिक पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेज, कीट-रोग प्रबंधन और 10 प्रमुख केंद्र सरकार योजनाओं की जानकारी एकीकृत की गई है। किसान योजना की पात्रता, आवेदन की स्थिति, लाभ ट्रैकिंग और शिकायत निवारण भी यहीं कर सकेंगे।

लांच अवसर पर एआई फॉर एग्रीकल्चर रोडमैप, एआई हैकथॉन और ‘एग्रीकोष’ की भी घोषणा की जाएगी। इससे कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और स्टार्टअप्स व युवाओं को अवसर मिलेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here