तीन स्पा सेंटरों पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए किया 11 युवतियों सहित 19 को गिरफ्तार

0
41

जयपुर। बजाज नगर थाना पुलिस ने पुलिस आयुक्तालय की गाइडलाइन की पालना नहीं करने पर तीन स्पा सेंटरों पर औचक कार्रवाई कर 11 युवतियों और 8 युवकों सहित 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, स्पा संचालकों को पहले ही नियमों की पालना करने की चेतावनी दी गई थी।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि शहर में नियमों के विपरीत संचालित स्पा सेंटरों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर शिवदयाल के पर्यवेक्षण में बजाज नगर थाने की टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ तीन स्पा सेंटरों पर दबिश दी। इनमें टोंक पुलिया के पास स्थित ग्लोरी थाई स्पा, गोपालपुरा स्थित कियारा थाई स्पा सेंटर और लक्ष्मी मंदिर के सामने स्थित एपी थाई स्पा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों सेंटरों पर पुलिस आयुक्तालय की गाइडलाइन का पालन नहीं पाया गया। इसके बाद मौके से 11 युवतियों और 8 युवकों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्पा सेंटरों की नियमित जांच और उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। जयपुर पूर्व पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आसपास किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9530425862 पर दें। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और सूचना के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here