जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में करीब दो महीने से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपियों ने मजदूरी के 1200 रुपए के विवाद में एक युवक और उसके भाई पर फायरिंग की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और छह कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके चलते थानाधिकारी हिम्मत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से बलराम कण्डेरा (19), शिवकेश मीणा (22) और बतन सिंह मीणा (20) को गिरफ्तार किया है।
तीनों मूल रूप से करौली जिले के परीता गांव के निवासी हैं और जयपुर में सांगानेर क्षेत्र के चंदलाई रोड, वाटिका में किराये पर रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहचान छिपाकर और ठिकाने बदल-बदलकर फरारी काट रहे थे।
पुलिस के अनुसार परिवादी लक्ष्मीनारायण टाइल्स-मार्बल का ठेका लेता है। उसके गांव का शिवकेश मीणा उसके पास 16 दिन मजदूरी कर चुका था। पूरा भुगतान मिलने के बावजूद शिवकेश 1200 रुपए अतिरिक्त पेनल्टी के रूप में मांग रहा था। रकम देने से इनकार करने पर उसने रंजिश पाल ली। 26 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे शिवकेश ने लक्ष्मीनारायण को बालाजी मंदिर, शिवशंकर कॉलोनी बुलाया।
रात करीब 10:10 बजे परिवादी वहां पहुंचा तो शिवकेश, बलराम कण्डेरा और बतन सिंह मीणा भी आ गए। शिवकेश ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान बलराम ने पिस्तौल निकालकर परिवादी और उसके भाई अजय पर फायरिंग कर दी। गोली परिवादी के कान के पास से निकल गई।
परिवार के अन्य सदस्यों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी भाग गए। कुछ देर बाद वे दूसरे रास्ते से लौटे और दोबारा फायरिंग की। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।

















