अफेयर के शक में लिव-इन पार्टनर की हत्या करने वाला आरोपी भरतपुर से गिरफ्तार

0
41

जयपुर। पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने रामपुरा स्थित आमोर रेजिडेंसी में लिव-इन पार्टनर मोना जाटव (35) की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी युवराज सिंह उर्फ युगराज सिंह उर्फ दीपक (27) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुरुवार देर रात भरतपुर के बी. नारायण गेट क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में दूसरे व्यक्ति से प्रेम संबंध होने के शक में मोना की हत्या करना स्वीकार किया है। फिलहाल उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी दक्षिण राजर्षिराज वर्मा ने बताया कि आरोपी भरतपुर के चिकसाना क्षेत्र का निवासी है और पिछले करीब एक साल से रामपुरा की आमोर रेजिडेंसी में मोना के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। दोनों वहीं टिफिन सेंटर भी चला रहे थे। 18 अक्टूबर की देर रात आरोपी ने किसी भारी वस्तु से वार कर मोना की हत्या कर दी। इसके बाद 19 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे फ्लैट में शव छोड़कर फरार हो गया।

भाई की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ था हत्या का मामला

19 अक्टूबर को आमोर रेजिडेंसी के फ्लैट नंबर 901 में महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान भरतपुर के नगला परशुराम निवासी मोना जाटव के रूप में हुई। उसके भाई पारुल सिंह ने पत्रकार कॉलोनी थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराते हुए युवराज सिंह पर हत्या का संदेह जताया था।

रिपोर्ट के अनुसार, मोना की शादी वर्ष 2015 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। पति से अनबन के चलते वह अलग रह रही थी। इसी दौरान वह युवराज सिंह के संपर्क में आई और उसके साथ आमोर रेजिडेंसी में रहने लगी। पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मोबाइल बंद कर बदलता रहा ठिकाने

आरोपी की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा के निर्देशन, मानसरोवर एसीपी हेमेंद्र शर्मा के सुपरविजन और पत्रकार कॉलोनी थानाधिकारी कविता यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आमोर सोसायटी, आसपास की सोसायटियों और रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही आरोपी के भागने का संभावित मार्ग तैयार कर तलाश शुरू की।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन बंद कर लिया और लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। वह बसों से कभी दिल्ली, कभी आगरा तो कभी भरतपुर जा रहा था। वह दिल्ली भागने की फिराक में था। तकनीकी सूचनाओं और लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे भरतपुर के बी. नारायण गेट से पकड़ लिया।

दूसरे व्यक्ति से बातचीत के शक में हुआ था विवाद

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को मोना के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने कथित तौर पर मोना की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच पडताल की जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here