खाटूश्यामजी मेले में श्रद्धालुओं की आवक शुरू: सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने संभाली कमान

0
72
The influx of devotees has begun at the Khatushyamji fair.
The influx of devotees has begun at the Khatushyamji fair.

जयपुर। विश्वविख्यात श्री खाटूश्याम मंदिर में आयोजित लक्खी फाल्गुन मेले के दौरान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने स्वयं मौके पर पहुंचकर मेले की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक आनंद राव,थानाधिकारी पवन कुमार चौबे, मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेन्द्र सिंह चौहान,कमांडो दल एवं पुलिसकर्मियों के साथ कस्बे के प्रमुख आवक मार्गों, पार्किंग स्थलों, मेला बाजार और मुख्य मंदिर परिसर का भ्रमण कर जमीनी स्तर पर तैयारियों का आकलन किया। इस दौरान पुलिस दल ने काफिले के साथ रूट मार्च भी किया, जिससे आमजन में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ।

आगामी दिनों में लगभग 35 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन,भीड़ नियंत्रण और सुलभ दर्शन व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) वीके सिंह द्वारा पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष तैनाती,सीसीटीवी निगरानी, नियमित गश्त और सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

वहीं रात हो या दिन — सुरक्षा व्यवस्था हर पल सक्रिय है। निरंतर नाइट पेट्रोलिंग, 24 घंटे तैनाती और अनुशासित प्रबंधन के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगमता और सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मेला क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को सहज, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना ही प्राथमिक उद्देश्य है।

मंदिर कमेटी की ओर से मंत्री मानवेन्द्र सिंह चौहान ने सेवादारों की तैनाती और की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी। प्रशासन और मंदिर कमेटी के समन्वय से व्यवस्थाएं और अधिक प्रभावी रूप से संचालित हो रही हैं।

एसपी नूनावत ने बताया कि किसी भी प्रकार की सहायता के लिए श्रद्धालु तुरंत संपर्क कर सकते हैं। साथ ही राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा शांतिपूर्ण,सुरक्षित और सुव्यवस्थित रहे — यही उनका संकल्प है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here