2 हजार 256 बूथों के लिए रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां: नगर निगम के 150 वार्डों में आज होगा मतदान

0
39
Polling parties set off for 2,256 booths.
Polling parties set off for 2,256 booths.

जयपुर। जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को सीकर रोड स्थित श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी से 2 हजार 256 मतदान दलों को बूथों के लिए रवाना किया गया। पोलिंग पार्टियों को रवाना करने से पहले अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद उन्हें ईवीएम सहित चुनाव सामग्री उपलब्ध कराकर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान दल शाम तक अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं संभाल लेंगे।

मतदान दलों की रवानगी के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर संदेश नायक सहित पुलिस के आला अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से सभी 2 हजार 256 पोलिंग पार्टियों को बूथों तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था भी की गई थी।

पहली पारी में पांच विधानसभा क्षेत्रों के दल रवाना

श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी से पहली पारी में बगरू, सांगानेर, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा और हवामहल विधानसभा क्षेत्रों के मतदान दलों को रवाना किया गया। वहीं दूसरी पारी में मालवीय नगर, आदर्श नगर, किशनपोल, सिविल लाइन्स और आमेर विधानसभा क्षेत्रों की पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए भेजा गया।

रवानगी से पहले मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। मौके पर ही ईवीएम मशीन और अन्य चुनाव सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। प्रशासन ने मतदान दलों के लिए परिवहन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

सुबह 7 से शाम 7 बजे तक मतदान

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि शुक्रवार को जयपुर नगर निगम क्षेत्र के 150 वार्डों में पार्षद पद के लिए मतदान होगा। इसके लिए नगर निगम क्षेत्र में 2256 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मतदान दल गुरुवार शाम तक अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लेंगे।

उन्होंने बताया कि मतदान शुक्रवार सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम 7 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतदान दल ईवीएम मशीनों को निर्धारित स्ट्रांग रूम में जमा कराएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर निगम चुनाव के दौरान अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में 155 बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस की ओर से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद

कलेक्टर संदेश नायक ने कहा कि प्रशासन की ओर से मतदान को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मतदाता जागरूकता अभियान का असर मतदान प्रतिशत पर दिखाई देगा और इस बार पिछला मतदान रिकॉर्ड टूट सकता है। उन्होंने शुक्रवार को नगर निगम चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न होने की उम्मीद जताते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here