ई-चालान के फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही 4.40 लाख रुपए की हुई साइबर ठगी

0
45

जयपुर। खोराबीसल थाना इलाके में ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने वाहन चालान का फर्जी संदेश भेजकर एक व्यक्ति को जाल में फंसाया और उसके बैंक खाते से 4.10 लाख रुपए निकाल लिए। इसके बाद बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड से भी 30 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित ने थाने में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करवाया है।

थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि नांगल जैसा बोहरा निवासी सुनील कुमार टेलर (51) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 21 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर ई-चालान का संदेश आया था। इसमें चालान का भुगतान करने के लिए एक लिंक दिया गया था। चालान की जानकारी लेने और भुगतान प्रक्रिया समझने के लिए उन्होंने लिंक पर क्लिक किया।
आरोप है कि इसके बाद साइबर ठगों ने उनकी बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर ली।

23 अक्टूबर की शाम उनके बैंक खाते से करीब 4.10 लाख रुपए निकाल लिए गए। कुछ देर बाद क्रेडिट कार्ड से भी 30 हजार रुपए की निकासी हो गई। मोबाइल पर रुपए कटने के संदेश आने के बाद उन्हें ठगी का पता चला। पीड़ित ने रविवार शाम खोराबीसल थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

साइबर ठग ई-चालान, लंबित चालान, वाहन की जानकारी अद्यतन करने और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) व ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) के सत्यापन के नाम पर फर्जी संदेश, लिंक और ई-मेल भेजकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। इन लिंक के जरिए लोगों को नकली वेबसाइट पर ले जाया जाता है, जहां बैंक संबंधी जानकारी चोरी होने का खतरा रहता है। कुछ मामलों में एपीके फाइल डाउनलोड करवा कर मोबाइल की सुरक्षा से समझौता कराया जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here