एसी आउटर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

0
57
Area Domination Campaign: Police arrest 33 suspects.
Area Domination Campaign: Police arrest 33 suspects.

जयपुर। करधनी थाना पुलिस ने कालवाड़ रोड स्थित एक हेयर ड्रेसर शॉप के बाहर से एसी आउटर और वायरिंग चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान और वारदात में प्रयुक्त टैम्पो भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार कालवाड़ रोड स्थित नेक्सस बार्बर लॉज के बाहर लगे एसी आउटर और वायरिंग को अज्ञात चोर रात के समय चोरी कर ले गए थे। परिवादी बाबूलाल सैन ने इस संबंध में करधनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि रात करीब 1 से 4 बजे के बीच टेम्पो में आए चोर दुकान के बाहर लगे दो एसी आउटर और फिटिंग वायरिंग उखाड़कर ले गए। मामला दर्ज होने के बाद थाना करधनी के थानाधिकारी सवाई सिंह के निर्देशन में टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम हनुमान प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी लक्की परेवा (21) निवासी मंशारामपुरा, थाना खोराबीसल और फारूख खान (29) निवासी नारायणपुरी, थाना झोटवाड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दोनों एसी आउटर, वायरिंग सामग्री और वारदात में इस्तेमाल किया गया टाटा ऐस टैम्पो बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी लक्की परेवा थाना खोराबीसल का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ चोरी सहित नौ मामले दर्ज हैं। वहीं फारूख खान के खिलाफ करधनी थाने में पहले से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे के आदी हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि वे अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल हो सकते हैं।

ई-रिक्शा बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश

एयरपोर्ट थाना पुलिस ने ई-रिक्शा से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो बैटरियां भी बरामद की हैं।

पुलिस उपायुक्त संजीव नैन ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को एयरपोर्ट क्षेत्र में पुलिस वाहन पार्किंग के पास खड़े ई-रिक्शा से बैटरी चोरी होने की सूचना मिली थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। सूचना तंत्र और मुखबिर की मदद से पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों चैनसिंह उर्फ अभिषेक उर्फ सोनू और बंटी मीणा निवासी जयपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो ई-रिक्शा बैटरियां बरामद की हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में पुलिस टीम के कांस्टेबल ओमप्रकाश की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here