जयपुर। दादी का फाटक मुरलीपुरा के विकास नगर स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में रविवार को रंग-रंगीला फागोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर फूलों की होली खेली तथा फाल्गुनी भजनों का आनंद लिया।
महंत पं. श्याम सुंदर चतुर्वेदी एवं मनु महाराज के सानिध्य में आयोजित फागोत्सव में बृजलाल जांगिड़, मूलचंद जांगिड़, हरीश जांगिड़, दीपक और सुरेश योगी ने भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दीं। कुंज बिहारी जाजू ने “होली के रंग से प्रभो मन भी जरा रंगा दो” प्रज्ञा गीत के माध्यम से सभी त्योहारों को आपसी सौहार्द और मिलजुल कर मनाने का संदेश दिया।
वहीं जाजू द्वारा चंग-ढप की थाप पर प्रस्तुत धमाल ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। आशुतोष भट्ट ने शास्त्रीय शैली में मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विकास नगर विकास समिति के अध्यक्ष पन्नालाल तंवर ने उपस्थित लोगों का दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया। फागोत्सव में विराट एवं अन्य साथी कलाकारों ने राधा-कृष्ण का स्वरूप धारण कर मनमोहक रासलीला और मयूर नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
राधा-कृष्ण स्वरूप के साथ श्रद्धालुओं ने फूलों की होली खेलकर उत्सव का आनंद लिया। ओजस्विनी शर्मा ने भावपूर्ण कथक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली अनेक विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं को होली की अग्नि में अर्पित करने हेतु विशेष हवन सामग्री भी वितरित की गई।
फागोत्सव से पूर्व प्रातःकाल गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके अतिरिक्त मुरलीपुरा के विकास नगर स्थित श्री श्याम बाबा मंदिर में भी मनु महाराज के सानिध्य में फागोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
वहीं रामेश्वर धाम विकास समिति की ओर से महेश पब्लिक स्कूल में होली की धमाल के साथ फागोत्सव आयोजित किया गया, जहां समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार साह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।




















