जयपुर। संसार चंद्र रोड स्थित ऐतिहासिक दरगाह मीर कुर्बान अली में शुक्रवार को 16वें रोजे के अवसर पर भव्य इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दशकों से चली आ रही इस परंपरा में इस बार भी जयपुर भर से हजारों की तादाद में रोजेदारों ने शिरकत की। शाम को अजान के साथ ही दरगाह परिसर ‘अल्लाह-हू-अकबर’ की सदाओं से गूंज उठा और सभी ने एक दस्तरख्वान पर बैठकर रोजा खोला।
अमन और भाईचारे के लिए उठे हाथ
इफ्तार से पहले आयोजित विशेष दुआ में मुल्क और दुनिया में अमन-सुकून कायम रहने की प्रार्थना की गई। दरगाह के सज्जादानशीन डॉ. सैय्यद हबीबुर्रहमान नियाज़ी ने इस मौके पर कहा कि वर्तमान वैश्विक हालातों में मासूमों का खून बहना चिंताजनक है। उन्होंने दुआ की कि अल्लाह दुनिया से जंग के बादल छांटे, हक को फतह नसीब हो और आपसी सौहार्द बना रहे। नायब सज्जादा नशीन सैय्यद फैज़ उर रहमान नियाजी ने सभी की इबादतों की कुबूलियत और नेक जिंदगी की दुआ मांगी।
शहीदों को दी गई खिराजे अकीदत
कार्यक्रम के दौरान हाल ही में हुए हमलों में शहीद हुए ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली ख़ामेनाई की पहली पंक्ति की लीडरशिप और उनके परिजनों को याद करते हुए खिराजे अकीदत (श्रद्धांजलि) पेश की गई। दुआ में इस बात पर जोर दिया गया कि एक व्यक्ति की जिद के कारण हजारों बेगुनाह अपनी जान गंवा रहे हैं, ऐसी परिस्थितियों से मानवता की हिफाजत हो।
सियासी और सामाजिक हस्तियों का जमावड़ा
गंगा-जमुनी तहजीब के इस कार्यक्रम में शहर की कई दिग्गज हस्तियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इनमें प्रमुख रूप से सुनील शर्मा, अध्यक्ष डीसीसी,आर.आर. तिवारी पूर्व अध्यक्ष, डीसीसी,ज्योति खंडेलवाल प्रवक्ता भाजपा,एम. सादिक खान पूर्व अध्यक्ष भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा और शरद खंडेलवाल व अन्य गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
दरगाह प्रबंधन के अनुसार यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और प्रेम का प्रतीक है, जहाँ हर साल हजारों लोग बिना किसी भेदभाव के शामिल होते हैं।




















