जयपुर। एयरपोर्ट थाना पुलिस ने ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात करने वाली अंतरराज्यीय गैंग की फरार महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने साथियों के साथ मिलकर जगतपुरा स्थित ज्वैलर्स की दुकान से लाखों रुपए के चांदी के जेवर चोरी किए थे। फिलहाल पुलिस आरोपित महिला तस्कर से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि पांच जनवरी 2026 को थाना एयरपोर्ट क्षेत्र में स्थित श्री श्याम ज्वैलर्स की दुकान से जेवर चोरी होने का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त विनोद शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी रूपनारायण यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गैंग की पहचान की। जांच के दौरान गैंग की मुख्य सरगना नीरू उर्फ सोनिया बागरी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गैंग की फरार सदस्य मौसम बाई (28) निवासी सुल्तानपुर जिला कोटा ग्रामीण हाल कोटा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह अपने गिरोह के साथ अलग-अलग शहरों में घुसकर ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाती थी और चोरी कर अपने व परिवार का खर्च चलाती थी। पुलिस मामले में गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

















