एरिया डोमिनेशन अभियान: पुलिस ने 35 किलो 876 ग्राम गांजा जब्त किए महिला सहित दो आरोपित गिरफ्तार

0
27

जयपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत भांकरोटा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 किलो 876 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) हनुमान प्रसाद ने बताया कि विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशंस) के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजीव गुप्ता के सुपरविजन और सहायक पुलिस आयुक्त बगरू हेमेन्द्र शर्मा के निर्देशन में भांकरोटा थाना प्रभारी श्रीनिवास के नेतृत्व में चार टीमों का गठन कर कार्रवाई की गई।

भांकरोटा थाना प्रभारी श्रीनिवास ने बताया कि इस अभियान के दौरान केशोपुरा भांकरोटा क्षेत्र में 25 मंजिला के पास सड़क किनारे बैठी एक महिला पुलिस को देखकर संदिग्ध रूप से जाने लगी। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने अपना नाम सुमन देवी (38) पत्नी आशीष कुमार, निवासी केशोपुरा भांकरोटा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से प्लास्टिक की थैली में 76 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

इसी अभियान के दौरान बिंदायका रोड स्थित श्याम मोटर्स एंड सर्विस सेंटर के सामने एक व्यक्ति प्लास्टिक के कट्टों के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पुलिस को देखकर वह भी तेजी से जाने लगा, जिसे रोककर पूछताछ की गई।

उसने अपना नाम भंवरलाल कुमावत (34) निवासी मारवालों की ढाणी, ग्राम पंचायत बबेरवालो की ढाणी, थाना जोबनेर (जयपुर) बताया। तलाशी में उसके पास से चार प्लास्टिक के कट्टों में 35 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हे गिरफ्तार कर मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्रीनिवास जांगीड़ के साथ हैड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह (सीएसटी), कांस्टेबल जगन्नाथ, कांस्टेबल रामचंद्र, महिला कांस्टेबल पार्वती और कांस्टेबल बाबूलाल की टीम शामिल रही। अभियान में हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here