जयपुर। चेटी चण्ड सिन्धी मेला समिति महानगर जयपुर के तत्वावधान में शुक्रवार को सिन्धी समाज के ईष्टदेव भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा दोपहर 3 बजे चौगान स्टेडियम स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर से रवाना होकर चौगान चौराहा, गणगौरी बाजार, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार, खजाने वालों का रास्ता, सिंह द्वार, इन्द्रा बाजार, नेहरू बाजार, न्यू गेट, बापू बाजार, सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, हवामहल होते हुए रात्रि करीब 8 बजे कंवर नगर स्थित झूलेलाल मंदिर पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा तथा इन मार्गों पर किसी भी प्रकार की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
चरणबद्ध ट्रैफिक डायवर्जन लागू
यातायात पुलिस के अनुसार शोभायात्रा के विभिन्न पड़ावों के अनुसार ट्रैफिक को चरणबद्ध तरीके से डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार जोगेश्वर महादेव मंदिर, पुराना बस स्टैंड ब्रह्मपुरी की ओर से गणगौरी बाजार आने वाला ट्रैफिक पहले ही समानान्तर मार्गों पर मोड़ा जाएगा।
गणगौरी बाजार में यात्रा के प्रवेश के दौरान चांदनी चौक से सार्दुल सिंह की नाल की ओर ट्रैफिक बंद रहेगा, वहीं बड़ी चौपड़ से छोटी चौपड़ जाने वाली बसों को डायवर्ट किया जाएगा।
अजमेरी गेट से किशनपोल बाजार होकर छोटी चौपड़ की ओर किसी भी प्रकार का ट्रैफिक नहीं जाने दिया जाएगा।
छोटी चौपड़ पहुंचने से पहले संजय सर्किल से चांदपोल की ओर आने वाले ट्रैफिक को रोका व डायवर्ट किया जाएगा।
चांदपोल बाजार में प्रवेश के दौरान छोटी चौपड़ से चांदपोल की ओर यातायात बंद रहेगा।
चांदपोल से खजाने वालों के रास्ते और सिंह द्वार की ओर ट्रैफिक पूरी तरह रोका जाएगा।
खजाने वालों के रास्ते में प्रवेश के बाद अजमेरी गेट से इन्द्रा बाजार की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
अजमेरी गेट पहुंचने से पहले छोटी चौपड़ से अजमेरी गेट तथा अजमेरी गेट से किशनपोल की ओर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
नेहरू बाजार में प्रवेश से पूर्व न्यू गेट और यादगार लिंक रोड से अंदर आने वाला ट्रैफिक बंद रहेगा।
न्यू गेट पहुंचने से पहले त्रिपोलिया बाजार और रामनिवास बाग से न्यू गेट की ओर यातायात नहीं आने दिया जाएगा।
सांगानेरी गेट पहुंचने से पहले छतरी से जौहरी बाजार की ओर ट्रैफिक रोका जाएगा।
बड़ी चौपड़ पहुंचने से पूर्व छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार और रामगंज चौपड़ से आने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा।
बसों व भारी वाहनों पर विशेष प्रतिबंध
शोभायात्रा की समाप्ति तक सुभाष चौक (रामगढ़ मोड़) से बड़ी चौपड़, छोटी चौपड़ और संजय सर्किल तक मिनी बस, सिटी बस और भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतः बंद रहेगा।
ये बसें संजय सर्किल से संसार चंद्र रोड, गोविंद हॉस्टल चौराहा, पांचबत्ती, अजमेरी गेट, रामनिवास बाग, सांगानेरी गेट और घाटगेट होकर संचालित होंगी।
रामगढ़ मोड़ से आने वाली बसें धोबीघाट, गलतागेट और ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा होकर चलेंगी।
इसके अलावा प्रतिबंधित समय में चारदीवारी क्षेत्र में भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह निषिद्ध रहेगा।
कड़ी निगरानी के निर्देश
सभी डायवर्जन प्वाइंट्स पर तैनात पुलिस जाप्ता शोभायात्रा के गुजरने तक ट्रैफिक को नहीं छोड़ेगा।
आमजन से अपील
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शोभायात्रा के दौरान असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।




















