जयपुर। विद्याधर नगर थाना पुलिस ने एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा किया है। पकड़ा गया आरोपी इतना शातिर है कि उस पर जयपुर के अलग-अलग थानों में नकबजनी और चोरी के करीब दो दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह अपने महंगे शौक और मौज-मस्ती के लिए सूने मकानों को निशाना बनाता था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि विद्याधर नगर थाना पुलिस ने एक शातिर नकबजन निखिल तलवार (48) निवासी बगरू हाल खानाबदोश जयपुर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ मालवीय नगर, शिप्रापथ, महेश नगर, वैशाली नगर, सांगानेर, ज्योति नगर और चित्रकूट सहित कई थानों में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह कई मामलों में वांछित भी चल रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह केवल अपनी सुख-सुविधाओं और शौक को पूरा करने के लिए चोरी करता था। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों और चोरी के माल की बरामदगी के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि 6 फरवरी 2026 को एक परिवादिया ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 5 फरवरी को अज्ञात बदमाशों ने उनके मकान के मुख्य गेट, कमरे और अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर ली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर-द्वितीय) बजरंग सिंह शेखावत और सहायक पुलिस आयुक्त (शास्त्री नगर) सुरेंद्र सिंह के सुपरविजन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर शातिर नकबजन निखिल को धर—दबोचा।




















