दो दर्जन से अधिक वारदातों का आरोपी नकबजन गिरफ्तार

0
38

जयपुर। जयपुर दक्षिण जिले में चोरी और नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सांगानेर सदर थाना पुलिस ने एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर सूने मकान में हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत माल, जिसमें नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान शामिल है, बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी चोरी और नकबजनी की 24 से अधिक वारदातों में चालानशुदा रहा है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू उर्फ अर्जुन (27) पुत्र लड्डूलाल शर्मा, निवासी नसिया जी कॉलोनी, थाना देही, जिला बूंदी, हाल खानाबदोश, सांगानेर पुलिया के नीचे, थाना सांगानेर, जयपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की तो उसके कब्जे से वारदात में चोरी किया गया 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया। इसमें नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और घरेलू सामान शामिल है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके द्वारा पूर्व में की गई अन्य चोरी और नकबजनी की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार राजू उर्फ अर्जुन आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में चोरी व नकबजनी के 24 से अधिक मामले दर्ज रहे हैं, जिनमें वह चालानशुदा है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जांच कर रही है।

जुआ खेलते 9 जुआरी गिरफ्तार: 1.67 लाख रुपए नकद जब्त

जयपुर पश्चिम जिले में अवैध गतिविधियों और जुआरियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत करधनी थाना पुलिस ने निवारू रोड स्थित कैलाश नगर में कार्रवाई करते हुए ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे नौ जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 67 हजार रुपए की जुआ राशि और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरन के अनुसार निवारू रोड स्थित कैलाश नगर के एक बंद कमरे में ताश के पत्तों के जरिए रुपए लगाकर हार-जीत का खेल चल रहा था। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर नौ आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1,67,000 रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस ने जुआ खेलने में इस्तेमाल ताश के पत्ते भी जब्त किए।

करधनी थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कमरे में जुए का यह खेल कब से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य लोग तो शामिल नहीं थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here