जयपुर। डॉ. अम्बेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी राजस्थान की ओर से डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर आयोजित चार दिवसीय ‘अंबेडकर-फूले विचार क्रांति महोत्सव 2026’ का समापन आमसभा और जयंती महोत्सव के साथ हुआ।
कार्यक्रम में सोसायटी अध्यक्ष सत्यवीर सिंह ने बालिकाओं के लिए 100 कमरों के छात्रावास निर्माण की योजना की घोषणा करते हुए प्रथम चरण में 50 कमरों के निर्माण का ऐलान किया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई।
महोत्सव के दौरान नारी शक्ति की रैली विशेष आकर्षण रही, जिसमें महिलाओं ने बाबा साहेब के सम्मान में मार्च निकालकर समानता का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि गणेश राम मीणा (राजस्थान उच्च न्यायालय न्यायाधीश) ने कहा कि बाबा साहेब का संदेश शिक्षित और संगठित समाज का निर्माण करना था। वहीं अन्य वक्ताओं ने उनके विचारों और रचनाओं पर शोध की आवश्यकता बताई।
चार दिवसीय आयोजन के दौरान शिक्षा, आरक्षण और नारी सशक्तिकरण जैसे विषयों पर मंथन किया गया। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी हुआ।
समारोह में हजारों लोगों की भागीदारी रही, जहां समाज में समानता, शिक्षा और सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।




















