जयपुर। रोमांटिक फिल्मों के शौकीनों के लिए एक बार फिर प्यार भरा तोहफा सामने आया है। फिल्म गिन्नी वेड्स सनी 2 का नया गीत तुमपे ही प्यार आ गया रिलीज़ होते ही दर्शकों के दिलों को छू रहा है। यह गीत दोस्ती से प्यार तक के खूबसूरत सफर को बेहद सादगी और भावनात्मक अंदाज़ में पेश करता है।
गाने के वीडियो में अविनाश तिवारी और मेधा शंकर की जोड़ी अपनी सहज केमिस्ट्री से आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दोनों कलाकारों ने दोस्ती से प्रेम में बदलते रिश्ते को बेहद स्वाभाविक ढंग से दर्शाया है, जो दर्शकों को भावुक कर देता है।
इस मधुर गीत को मशहूर गायक सोनू निगम ने अपनी सुरीली आवाज़ से सजाया है। संगीतकार जोड़ी सुषांत-शंकर ने इसे संगीतबद्ध किया है, जबकि गीत के बोल कुमार ने लिखे हैं। इससे पहले रिलीज़ हुए गाने “छाप तिलक” और “ऐ खुदा” के बाद यह ट्रैक म्यूज़िक एल्बम का खास आकर्षण बनकर उभरा है।
अविनाश तिवारी ने इस गीत को लेकर कहा कि यह ऐसा गाना है जो धीरे-धीरे श्रोताओं के दिल में जगह बना लेगा और लंबे समय तक याद रहेगा। वहीं मेधा शंकर ने इसे “प्यार के अलग-अलग रंगों को दर्शाने वाला खूबसूरत अनुभव” बताया।
निर्माताओं के अनुसार, फिल्म को ज़ी स्टूडियोज़ और सौन्दर्या प्रोडक्शन प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण विनोद बच्चन और उमेश कुमार बंसल ने किया है, जबकि निर्देशन प्रशांत झा ने किया है।
यह रोमांटिक फिल्म 24 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिलहाल “तुमपे ही प्यार आ गया” गीत सोनी म्यूज़िक इंडिया के जरिए सभी प्रमुख म्यूज़िक प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है और श्रोताओं से शानदार प्रतिक्रिया प्राप्त कर रहा है।




















