संवेदना काव्य संग्रह का भव्य विमोचन: भावों से सजी साहित्यिक संध्या

0
68
Grand Launch of the Poetry Collection 'Samvedana'
Grand Launch of the Poetry Collection 'Samvedana'

जयपुर। वरिष्ठ साहित्यकार शशि मंगल के काव्य संग्रह ‘संवेदना’ का विमोचन एक गरिमामय साहित्यिक समारोह में संपन्न हुआ, जिसमें साहित्य प्रेमियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. जयश्री शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि ‘संवेदना’ केवल काव्य संग्रह नहीं, बल्कि मानवीय भावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति है, जो समाज को संवेदनशील बनाने के साथ नई पीढ़ी को साहित्य की ओर प्रेरित करती है।

समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. कुसुम शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि माधुरी शास्त्री सहित कई गणमान्य साहित्यकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। संस्था की उपाध्यक्ष डॉ. रेखा गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज में सृजनशीलता बढ़ाने वाला बताया। वहीं सचिव डॉ. सुषमा शर्मा ने काव्य संग्रह पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

डॉ. कुसुम शर्मा और वरिष्ठ सदस्य पुष्पा माथुर ने पुस्तक की समीक्षा करते हुए उसकी संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों की सराहना की। इस अवसर पर लेखिका शशि मंगल ने बताया कि ‘संवेदना’ उनके जीवन अनुभवों, मानवीय रिश्तों और सामाजिक घटनाओं से उपजी भावनाओं का प्रतिबिंब है। उन्होंने ‘मंगल मानव भारती चैरिटेबल ट्रस्ट’ की स्थापना की जानकारी देते हुए समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में रेनू शब्द मुखर ने चयनित कविताओं का प्रभावशाली वाचन किया, जिससे श्रोता भावविभोर हो उठे। संचालन डॉ. कंचन सक्सेना ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन साहित्य, संवेदना और अभिव्यक्ति का एक यादगार संगम बनकर उपस्थित जनों के मन में गहरी छाप छोड़ गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here