जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के सांभर लेक थाना पुलिस ने राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर कुलदीप सिंह और नगेन्द्र सिंह उर्फ नीकू शामिल हैं, जो पहले भी हत्या जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि 16 अप्रैल को रसूलपुरा निवासी गणेश जाट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 12 अप्रैल को अज्ञात बदमाश उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान इलाके में ले गए और नकदी व सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। इस पर सांभर लेक थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा और पुलिस उप अधीक्षक सांभरलेक अनुपम मिश्रा के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी राममिलन और फुलेरा थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की मदद से जयपुर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने 2 अप्रैल को फुलेरा क्षेत्र के रोजड़ी गांव में एक बुजुर्ग महिला से मारपीट कर उसकी नथ लूटने की वारदात भी कबूल की है। इस संबंध में फुलेरा थाने में पहले से मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार कुलदीप सिंह सांभरलेक थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी और मारपीट सहित करीब दर्जन भर मामले दर्ज हैं।
दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और स्मैक की लत पूरी करने के लिए सुनसान इलाकों में बुजुर्गों को निशाना बनाते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और आशंका है कि उनसे अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। इस कार्रवाई में सांभरलेक और फुलेरा थाना पुलिस की टीम ने अहम भूमिका निभाई।




















