मंदिर चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार

0
61
Three Cunning Temple Thieves Arrested
Three Cunning Temple Thieves Arrested

जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने मंदिर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपए का चोरी किया गया सामान बरामद किया है। आरोपियों ने पूछताछ में कई वारदातें करना भी कबूल किया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि हरमाड़ा थाना पुलिस ने मंदिर चोरी के मामले में आरोपित विष्णु बंजारा (23), कमल प्रजापत (27) और शंकर बंजारा (66) को गिरफ्तार किया गया। तीनों ही आरोपित दौलतपुरा इलाके के रहने वाले है। साथ ही पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया चांदी का सामान और मूर्तियां बरामद की गई हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने दौलतपुरा, खोरा बिसल और अन्य थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे के आदी हैं और दिन में कॉलोनियों व मंदिरों की रेकी कर सुनसान स्थानों पर ताला तोड़कर चोरी करते थे। चोरी का सामान सस्ते दामों में बेचकर नशे और मौज-मस्ती में पैसे खर्च कर देते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

थानाधिकारी उदय सिंह के अनुसार 12 अप्रैल 2026 को परिवादी संजय वैष्णव निवासी भगवान नगर, हरमाड़ा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि चमत्कारेश्वर महादेव एवं हनुमान जी मंदिर, नाथ एवेन्यू कॉलोनी से चांदी के चार छत्र और लड्डू गोपाल की मूर्तियां चोरी हो गईं। घटना के समय मंदिर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया गया। इस मामले में हरमाड़ा थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता एवं सहायक पुलिस आयुक्त चौमूं उषा यादव के निर्देशन में थाना प्रभारी नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने आसपास के 70-80 सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान की और उनके मूवमेंट का रूट ट्रेस करते हुए तीनों को धर—दबोचा। इस कार्रवाई में हरमाड़ा थाना पुलिस की टीम के कई पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और लगातार प्रयास कर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here