जयपुर। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जन्मशती पर राइटर्स क्लब द्वारा जवाहर कला केंद्र के रंगायन सभागार में ‘राजनीति और रिश्ते’ विषय पर व्याख्यान आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता कांग्रेस महासचिव मोहन प्रकाश, अति विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद पं. रामकिशन, विशिष्ट अतिथि विधायक गोपाल शर्मा, बीबीसी हिंदी के पूर्व भारत प्रमुख संजीव श्रीवास्तव तथा अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत ने की। संचालन वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण दत्ता ने किया।
वक्ताओं ने चंद्रशेखर के सिद्धांतों, सादगी और वैचारिक दृढ़ता को याद करते हुए कहा कि वे सभी दलों में सम्मानित नेता थे। मोहन प्रकाश ने राजनीति में आपसी सम्मान और विश्वास की संस्कृति पर जोर देते हुए कहा कि आज ‘सोहबत’ कम हो रही है और भय-प्रलोभन बढ़ रहे हैं।
पं. रामकिशन ने उन्हें समाजवादी विचारधारा का मजबूत स्तंभ बताते हुए आपातकाल विरोध और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा को रेखांकित किया। गोपाल शर्मा ने कहा कि चंद्रशेखर केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि एक अमर विचार हैं।
संजीव श्रीवास्तव ने उनके अल्पकालीन कार्यकाल के बावजूद ईमानदार और जुझारू नेतृत्व की सराहना की, जबकि दीपेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि उन्होंने दलों से ऊपर उठकर रिश्तों को महत्व दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यकार, बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




















