हाईटेंशन लाइन में करंट दौड़ने से इलेक्ट्रीशियन की मौत

0
46

जयपुर। सेज थाना इलाके में हाईटेंशन लाइन पर काम कर रहे एक इलेक्ट्रीशियन की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मरम्मत कार्य के लिए शटडाउन लिया गया था, लेकिन बीच में ही लाइन में करंट छोड़ दिया गया, जिससे हादसा हो गया।

जांच अधिकारी एसआई प्रवीण कुमार के अनुसार मृतक की पहचान सांगानेर के बडवाली ढाणी, पीपला निवासी संजय कुमावत (28) के रूप में हुई है। वह ठेकेदार उमेश शर्मा के पास बिजली विभाग की 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन पर आउटडोर किट रिपेयरिंग का काम करता था। करीब चार महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी।

पुलिस के मुताबिक 15 अप्रैल को शाम करीब 7 बजे लाइनमैन योगेन्द्र जैन ने एईएन आरडी सैनी व जेईएन सुरेन्द्र से शटडाउन की अनुमति लेकर दौलतपुरा गांव में मरम्मत कार्य शुरू कराया। इस दौरान लाइनमैन बलवीर सिंह और रामफूल गुर्जर के साथ संजय कुमावत हाईटेंशन केबल उतारकर आउटडोर किट रिपेयरिंग का काम कर रहा था।

करीब 30-40 प्रतिशत काम पूरा होने के दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ गया, जिससे संजय गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लाइनमैन बलवीर सिंह और रामफूल गुर्जर उसे जली हालत में छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने राहगीरों की मदद से संजय को सवाई मानसिंह अस्पताल जयपुर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता ने एईएन आरडी सैनी, जेईएन सुरेन्द्र, लाइनमैन योगेन्द्र जैन, बलवीर सिंह व रामफूल गुर्जर तथा ठेकेदार उमेश शर्मा के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शटडाउन के बावजूद लाइन में करंट चालू होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here