हसनपुरा में थप्पड़ कांड के विरोध में जाम:आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग सड़क पर उतरे लोग

0
39

जयपुर। हसनपुरा इलाके में बुधवार देर रात थप्पड़ मारने की घटना को लेकर तनाव बढ़ गया। विरोध में बड़ी संख्या में लोग हटवाड़ा रोड पर जमा हो गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे यातायात बाधित हो गया। सूचना पर सोडाला और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात तक समझाइश का दौर चलता रहा। आखिरकार विधायक गोपाल शर्मा की मध्यस्थता और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद रात करीब ढाई बजे जाम खोल दिया गया।

जानकारी के अनुसार दिन में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष के व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया गया। घटना से नाराज लोग रात में हटवाड़ा रोड पर एकत्र हो गए और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारी दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

तनाव बढ़ने की सूचना पर सोडाला और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए विधायक गोपाल शर्मा भी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों और विधायक ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस दौरान इलाके में पुलिस बल तैनात रहा।

प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच रात करीब दो बजे तक बातचीत चलती रही। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारी जाम खोलने पर सहमत हुए। इसके बाद यातायात बहाल हो सका। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here