मोबाइल स्नैचर और चोर गिरोह चढा पुलिस के हत्थे

0
111

जयपुर। विद्याधर नगर थाना पुलिस ने विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की वारदातों में शामिल तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और घरेलू सामान बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं के मद्देनजर गठित विशेष टीम ने 16 अप्रैल को हुई वारदात के बाद सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए भट्टा बस्ती निवासी साहिद चौहान (21) को गिरफ्तार किया।

आरोपी राहगीरों से मोबाइल छीनकर फरार हो जाता था। पूछताछ में उसने मौज-मस्ती के लिए वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर दो बाइक और पांच मोबाइल बरामद किए गए।

वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने निर्माणाधीन मकान के स्टोर रूम से घरेलू सामान चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दीपक नायक (21) निवासी विद्याधर नगर और सागर झा (21) निवासी शास्त्री नगर को गिरफ्तार किया।

दोनों आरोपियों से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया गया है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी हिम्मत सिंह के नेतृत्व में एएसआई अर्जुनलाल, हेड कांस्टेबल मूलचंद, अशोक कुमार तथा कांस्टेबल मनीष व महिपाल सिंह की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here