‘भ्रम फैला रही कांग्रेस’: राखी राठौड़ ने अलका लांबा पर साधा निशाना

0
111

जयपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस पर तीखे आरोप लगाए हैं। मंगलवार को जारी बयान में राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को विषय की पर्याप्त जानकारी नहीं है और वे केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।

राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को सिर्फ वोटबैंक के रूप में देखती है, जबकि भाजपा महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों में महिलाओं की भागीदारी बेहद कम रही है, जिससे स्पष्ट है कि महिला वर्ग में पार्टी का जनाधार कमजोर हो रहा है। इसके विपरीत भाजपा की जन आक्रोश महिला पदयात्रा को व्यापक समर्थन मिला है।

राठौड़ ने कहा कि वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम में स्पष्ट रूप से जनगणना, उसके बाद परिसीमन और फिर आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया तय की गई है। यदि कांग्रेस को इस पर आपत्ति थी, तो उसे उसी समय विरोध करना चाहिए था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 2010 में राज्यसभा में बिल पारित कराने के बावजूद उसे लोकसभा में पेश नहीं किया।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि 2026 के बाद जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने पर ही आरक्षण लागू होगा और भाजपा इस वादे को पूरा करेगी।

राठौड़ ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान प्रदेश में महिला अपराधों के मामले अधिक थे, जबकि वर्तमान सरकार महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देकर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि अब महिलाएं अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं और अपराधों में कमी आई है। राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार में किसी भी अपराधी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here