जयपुर। जगतपुरा स्थित गुप्त वृन्दावन धाम में चल रहे 14वें पाटोत्सव महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों एवं कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत छोटे बच्चों द्वारा प्रणाम मंत्र एवं आध्यात्मिक नृत्य से हुई, जिसके पश्चात बच्चों ने भजन एवं भगवद्गीता के श्लोकों का सुंदर पाठ प्रस्तुत किया। नालंदा कला केंद्र द्वारा प्रस्तुत दक्षिण भारतीय शैली में भरतनाट्यम की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण आरपीएस स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत फूलों की होली ने ब्रज की लीलाओं का जीवंत अनुभव कराया, जिसमें राधा-कृष्ण के स्वरूप में बच्चों ने नृत्य कर सभी का मन मोह लिया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु तालियों की गूंज के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी कलाकारों का सम्मान किया गया तथा महाआरती के साथ आयोजन का समापन हुआ।
मंदिर प्रबंधन ने बताया कि पाटोत्सव के अंतर्गत 22 अप्रैल को सायं 5:30 बजे भव्य श्री श्री कृष्ण-बलराम रथयात्रा निकाली जाएगी, जो जगतपुरा फ्लाईओवर से प्रारंभ होकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए गुप्त वृन्दावन धाम पहुंचेगी।
वहीं 23 अप्रैल को भगवान का महाभिषेक एवं पालकी महोत्सव के साथ पाटोत्सव का समापन होगा। मंदिर के अध्यक्ष अमितासना दास ने सभी श्रद्धालुओं से इन दिव्य कार्यक्रमों में सहभागिता का आग्रह किया है।




















