जयपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा घोषित जेईई मेन 2026 के अंतिम परिणाम में श्री चैतन्य अकादमी के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित की है। संस्थान के छात्रों ने ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) में शीर्ष स्थान हासिल कर प्रदेश और अकादमी का नाम रोशन किया है।
अकादमी के छात्र चंद्रेश्वर और पासाला मोहित ने 300 में से 300 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से एआईआर-1 हासिल की। वहीं राजस्थान के छात्र अर्जुन मीणा ने अपनी श्रेणी में एआईआर-5 प्राप्त कर राज्य का गौरव बढ़ाया।
टॉप रैंकों में अकादमी का दबदबा
संस्थान के नेशनल हेड अंगिजीतु सर ने बताया कि इस वर्ष भी छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। यदि सभी कैटेगरी रैंक को मिलाकर देखा जाए तो टॉप 100 में 95 और टॉप 1000 में 640 रैंक श्री चैतन्य अकादमी के छात्रों के नाम रही हैं।
मजबूत शैक्षणिक प्रणाली का परिणाम
अकादमी के जीएम नागेश्वर सर ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य हमेशा छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करना रहा है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अनुभवी फैकल्टी, मजबूत शैक्षणिक प्रणाली और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत को दिया।
राजस्थान के स्टेट हेड डॉ. आर.एल. पुनिया ने बताया कि पिछले चार वर्षों से संस्थान के छात्र लगातार 300/300 अंक प्राप्त कर रहे हैं, जो समर्पित टीम और 41 वर्षों की शैक्षणिक विरासत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरे वर्ष राजस्थान में टॉप-10 में स्थान बनाना बड़ी उपलब्धि है। अर्जुन मीणा की एआईआर-5 रैंक इस बात का उदाहरण है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से उत्कृष्ट परिणाम संभव हैं।
सफलता का मनाया जश्न
संस्थान द्वारा इस उपलब्धि का जश्न छात्रों और उनके अभिभावकों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्रों को सम्मानित भी किया गया।
परीक्षा और कट-ऑफ विवरण
गौरतलब है कि जेईई मेन 2026 परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की गई थी। पहले सत्र (जनवरी) में 13,55,293 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 13,04,653 परीक्षा में शामिल हुए। दूसरे सत्र में 11,10,904 छात्रों ने पंजीकरण किया, जिनमें से 10,34,330 परीक्षा में उपस्थित रहे। कुल मिलाकर 16,04,854 यूनिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण किया, जिनमें से 15,38,468 परीक्षा में शामिल हुए।
इस वर्ष सामान्य वर्ग के लिए कट-ऑफ 93.4123 पर्सेंटाइल, ओबीसी के लिए 80.9232, ईडब्ल्यूएस के लिए 63.9172 तथा एससी वर्ग के लिए 52.0174 पर्सेंटाइल निर्धारित किया गया है। इन अंकों से अधिक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी जेईई एडवांस्ड के लिए क्वालीफाई हुए हैं, जिसका आयोजन 17 मई को किया जाएगा।




















