जयपुर। राजधानी जयपुर में ठगी की एक वारदात सामने आई है, जहां एक शातिर ठग ने महिला को झांसे में लेकर उसके जेवर उतरवा लिए और फरार हो गया। मामला लाल कोठी थाना क्षेत्र के सांगानेरी गेट पार्किंग का है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
एएसआई सूरजमल ने बताया अमृतपुरी घाटगेट निवासी 38 वर्षीय अर्चना देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सांगानेरी गेट बस स्टैंड स्थित गुलाबी नगर ढाबा के पास खड़ी थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की।
इस दौरान आरोपी ने उसके हाथ में पत्थर और मिट्टी रखकर कहा कि उसके पति की तबीयत खराब है और उसके लिए विशेष पूजा करनी होगी। इसके बाद वह उसे बहला कर सड़क पार कर सांगानेरी गेट पार्किंग में ले गया। वहां पेड़ के नीचे बैठाकर आरोपी ने महिला को अपनी बातों में उलझाया और पूजा के नाम पर उसके सभी जेवर—मंगलसूत्र और कानों के टॉप्स उतरवा लिए। इसके बाद आरोपी जेवर लेकर मौके से फरार हो गया।
एएसआई सूरजमल ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




















